Maharajganj News : पॉडकास्ट और सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई की मांग, एआईएमआईएम ने खोला मोर्चा

    27-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने सोशल मीडिया और एक पॉडकास्ट में इस्लाम धर्म तथा हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिला अध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया और एक पॉडकास्ट में की गई कथित धार्मिक टिप्पणियों से मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकती हैं।


एआईएमआईएम नेताओं ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए। यदि जांच में कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

पार्टी ने ज्ञापन में यह भी आग्रह किया कि भविष्य किसी भी धर्म, धार्मिक महापुरुष या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक एवं वैमनस्य फैलाने वाली टिप्पणियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष सरवर खान के साथ जियाउल्लाह खान, लीमुल्ला खान, सफी मोहम्मद, निजामुद्दीन, अली शेर अहमद सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मामले में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।