Maharajganj News : रजिस्ट्री कार्यालय के शौचालय में पड़े मिले जमीन के कागजात! वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में

    27-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज
। निचलौल स्थित उप निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में कार्यालय के शौचालय के अंदर जमीन संबंधी दस्तावेज पड़े दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं।

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का दावा है कि शौचालय में पड़े कागजात भूमि संबंधी महत्वपूर्ण अभिलेख हैं, जिन्हें लापरवाहीपूर्वक फेंक दिया गया है। हालांकि, 'आपन महराजगंज' वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

जानकारों के अनुसार, बैनामा और भूमि संबंधी दस्तावेज भविष्य में स्वामित्व, नामांतरण और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे अभिलेखों का सुरक्षित संरक्षण संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। इन दस्तावेजों के रखरखाव में लापरवाही से आम लोगों को भविष्य में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।


जानकारों का कहना है कि भूमि के बैनामा, रजिस्ट्री और अन्य अभिलेख भविष्य में स्वामित्व, नामांतरण और कानूनी प्रक्रियाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि ऐसे दस्तावेजों के रखरखाव में लापरवाही बरती जाती है तो इससे आम लोगों को गंभीर कानूनी और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय अधिवक्ताओं ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी अभिलेखों का सुरक्षित संरक्षण विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि जांच में वायरल वीडियो सही पाया जाता है तो यह सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न होगा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

निचलौल के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिद्धार्थ गुप्ता ने इस मामले पर कहा कि उन्हें अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि जानकारी प्राप्त कर जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब इस पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। यदि वायरल वीडियो सही पाया जाता है, तो यह मामला सरकारी रिकॉर्ड के संरक्षण में गंभीर लापरवाही का उदाहरण साबित हो सकता है।