Maharajganj News : ट्रेन में परेशानी हुई तो घबराइए नहीं... खुद आपकी सीट तक पहुंचेगी जीआरपी
27-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की जिम्मेदारियां बढ़ा दी हैं। अब यात्रा के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में जीआरपी के पुलिसकर्मी सीधे ट्रेन में पहुंचकर यात्रियों की शिकायत सुनेंगे, मौके पर सहायता उपलब्ध कराएंगे और आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज करेंगे। इसके लिए राजकीय रेलवे पुलिस को ऑनलाइन कैप्सूल कोर्स का ऑनलाइन प्रशिक्षण देकर टोल फ्री नंबर (9919099190) जारी किया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थानाध्यक्ष आनंद नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ट्रेन पर पत्थरबाजी जैसी घटना को रोकने व यात्रियों तक त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। टोल फ्री नंबर पर फोन करने के बाद यात्री को समस्या और जिस ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं उसका नाम व सीट नंबर बताना होगा।
इसके बाद कंट्रोल रूम जीपीएस ट्रैकिंग से पता करेगा कि रनिंग ड्यूटी में कौन सी जीआरपी टीम है। रनिंग ड्यूटी में लगे थाने को संबंधित सूचना अपडेट होगी। रनिंग स्टॉफ को थाने से सूचना भेजकर संबंधित यात्री तक पहुंचने के लिए निर्देशित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जवान को दो घंटे लोकेशन आधारित रनिंग ड्यूटी अनिवार्य रूप से करनी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।