Maharajganj News : 'या हुसैन' की सदाओं से गूंज उठा फरेंदा, निकला हैदरी अखाड़े का भव्य जुलूस

    27-Jun-2026
Total Views |

फरेंदा। 10वीं मुहर्रम (यौम-ए-आशूरा) के मौक़े पर फरेंदा नगर के रतनपुर ईदगाह मोहल्ला, वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर से हैदरी अखाड़ा का पारंपरिक एवं अज़ीम जुलूस पूरे अदब-ओ-एहतराम, अकीदत और जज़्बा-ए-इमानी के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी तादाद में अज़ादारों और अकीदतमंदों ने शिरकत कर हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और शोहदाए-करबला की बारगाह में ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया।

जुलूस रतनपुर ईदगाह मोहल्ला से रवाना होकर डणवार, छितही होते हुए हड़ाहवा कर्बला पहुंचा, जहां ताज़ियों को पूरे एहतराम के साथ सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। पूरे रास्ते 'या हुसैन', 'या अली' और 'या अब्बास' की सदाओं से फ़िज़ा गूंजती रही। अज़ादारों ने करबला के वाक़िए को याद करते हुए हक़, इंसाफ़, सब्र, क़ुर्बानी और इंसानियत का पैग़ाम आम किया।


जुलूस के दौरान हैदरी अखाड़ा के नौजवानों ने पारंपरिक अखाड़ा कला और दिलकश करतबों का शानदार मुज़ाहिरा पेश किया। रास्ते भर बड़ी तादाद में मौजूद लोगों ने इन करतबों की सराहना की। जगह-जगह सबीलों का एहतिमाम किया गया, जहां शर्बत और पानी तक़सीम कर अज़ादारों एवं राहगीरों की ख़िदमत की गई।

यौम-ए-आशूरा के मद्देनज़र अमन-ओ-अमान बनाए रखने के लिए पुलिस और इंतज़ामिया पूरी तरह मुस्तैद रही। जुलूस के पूरे रूट पर सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए थे। अफ़सर लगातार निगरानी करते रहे, जिसकी बदौलत पूरा जुलूस पुरअमन और पुरसुकून माहौल में मुकम्मल हुआ।

जुलूस में हैदरी अखाड़ा के उस्ताद और ज़िम्मेदारान भी मौजूद रहे। इनमें इदरीस उस्ताद, मुन्ना उस्ताद, नौशाद उस्ताद, चुन्नू, आज़ाद और राज़ प्रमुख रहे। सभी ने जुलूस के बेहतर इंतज़ामात में अहम किरदार अदा किया और नौजवानों की रहनुमाई करते हुए मुहर्रम की रिवायतों को पूरी शान-ओ-शौकत और अनुशासन के साथ निभाया।