Maharajganj News : 29 साल पुराने छात्रसंघ विवाद में बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार
29-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के वर्ष 1997 के छात्रसंघ चुनाव के दौरान हुए विवाद से जुड़े करीब 29 वर्ष पुराने मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह समेत तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विनोद कुमार सिंह निवासी सिविल लाइंस थाना कोतवाली, राकेश पांडेय, निवासी बड़हरामीर थाना सिंदुरिया और आशीष कुमार पांडेय निवासी मिठौरा बाजार थाना सिंदुरिया शामिल हैं।
वर्ष 1997 में जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष रहे खड्डा निवासी राजेश जायसवाल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान राजेश जायसवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंका गया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया था। इस मामले में कॉलेज के तत्कालीन प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट वादी बने थे और प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले की सुनवाई वर्ष 2015 तक चलती रही, लेकिन बाद में न्यायालय की फाइल उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। फाइल मिलने के बाद न्यायालय द्वारा आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया।
बताया गया कि इस मुकदमे में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।