Maharajganj News : बिजली बिल नहीं भरा तो कटा कनेक्शन, 638 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई
29-Jun-2026
Total Views |
फरेंदा। बिजली उपकेंद्र आनंदनगर के अंतर्गत बिजली विभाग ने बकाया वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान 638 बकाएदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि विभाग ने कुल 20.5 लाख रुपये की बकाया राशि भी वसूल की। इसके अलावा बिजली चोरी करते मिले नौ उपभोक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिशासी अभियंता ई. चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि अभियान में लगभग 935 घरेलू परिसर और 1428 कॉमर्शियल और 25 औद्योगिक परिसर की जांच की गई। जांच के दौरान 638 उपभोक्ताओं की लाइन बिल बकाया होने के कारण काट दी गई। साथ ही 20.5 लाख की वसूली की गई।
उन्होंने बताया कि बड़े बकाएदार शिव पार्वती राइस मिल पिपरा खाल का बकाया 18 लाख और जांगीलाल राइस मिल पनियरा 14 लाख के विरुद्ध धारा 3 की नोटिस घर पर चस्पा कराया गया और अपना बिल 30 जून तक नहीं जमा करते हैं तो उनके खिलाफ धारा -5 की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान 9 ऐसे उपभोक्ता जो एसी बाईपास कर चलाते हुए पाए गए, उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।