Maharajganj News : लूट का नहीं, मारपीट का था मामला ! महिला की झूठी सूचना से घंटों दौड़ती रही पुलिस
29-Jun-2026
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव में रविवार शाम मंगलसूत्र लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डायल-112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन पड़ताल में कथित लूट की घटना पूरी तरह असत्य निकली।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे महिला का गांव के ही एक युवक से विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक पहले महिला पक्ष के लोगों ने युवक की पिटाई की, जिसके कुछ देर बाद युवक पक्ष ने भी महिला के साथ मारपीट की। इस घटना में युवक को चोटें भी आई हैं। मारपीट के करीब एक घंटे बाद महिला ने डायल 112 पर मंगलसूत्र लूट की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी सुनील सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आया कि लूट जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। महिला ने खुद ही अपना मंगलसूत्र निकालकर साथ मौजूद दूसरी महिला के हाथ घर भिजवा दिया था। पुलिस ने जब महिला से तहरीर देने को कहा तो उसने कार्रवाई से इनकार कर दिया। महिला ने लिखित बयान देकर स्वीकार किया कि उसने झूठी सूचना दी थी और वह किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती है।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूट का नहीं बल्कि आपसी मारपीट का पाया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।