Maharajganj News : कब जागेगा सिस्टम? अधूरी सड़क पर फिर गई एक जान
29-Jun-2026
Total Views |
महबूब आलम
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजमंगल चौरसिया, निवासी ग्राम झामट, थाना पुरंदरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह फरेंदा से अपने घर लौट रहे थे, तभी बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पहले तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीएनसी (PNC) द्वारा काफी दिनों से रोड का चौड़ीकरण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इस वजह से आये दिन एक्सीडेंट की सम्भावना बनी रहती है। अधूरी सड़क के कारण वाहन चालक अक्सर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से गुजरने को मजबूर होते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।