Maharajganj News : महराजगंज में 'ऑपरेशन दहन' का बड़ा एक्शन, करोड़ों के नशे का किया खात्मा
29-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन दहन' के अंतर्गत 40.612 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों का विधिवत विनिष्टीकरण किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों को विधिवत नष्ट किया गया। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 98,61,250 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना पनियरा, चौक, घुघली, कोठीभार, बरगदवा एवं ठुठीबारी से संबंधित कुल 21 अभियोगों में न्यायालय के आदेशानुसार निस्तारित किए गए 40.612 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों/नशीली दवाइयों का विनिष्टीकरण किया गया।
विषाक्त पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण हेतु निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह कार्यवाही नौतनवा स्थित मैसर्स ए.वी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में संपन्न हुई। पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से इन पदार्थों को भस्मीभूत किया गया।
संपूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी नौतनवा की उपस्थिति एवं गठित समिति की निगरानी में पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराई गई।
इस ‘ऑपरेशन दहन’ के माध्यम से महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगा।