Maharajganj News : ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वालों के लिए बड़ी खबर ! महराजगंज में शुरू होगा ऑटोमेटेड टेस्ट
29-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महराजगंज परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 1 जुलाई 2026 से जिले में मैनुअल ड्राइविंग टेस्ट पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। अब लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट कराया जाएगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) महराजगंज ने जानकारी देते हुए बताया कि अब ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों की वाहन चलाने की क्षमता का परीक्षण पूरी तरह नई व्यवस्था के तहत कराया जाएगा। एआरटीओ के अनुसार, जनपद में अब तक संचालित मैनुअल ड्राइविंग टेस्ट व्यवस्था को समाप्त करते हुए 1 जुलाई 2026 से शासन द्वारा अधिकृत मैसर्स ए. के. ट्रेडिंग कम्पनी द्वारा स्थापित प्रत्यायन चालक प्रशिक्षण केन्द्र (ADTC) में ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों का चालन परीक्षण प्रारंभ किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र खसरा संख्या-343, चौपरिया, वैष्णवी टीवीएस के पीछे, आनंद नगर रोड, महराजगंज स्थित है। यहां आधुनिक व्यवस्था के माध्यम से आवेदकों की ड्राइविंग क्षमता का निष्पक्ष एवं मानक परीक्षण किया जाएगा।
एआरटीओ ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य केवल कुशल और सुरक्षित वाहन चालकों को ही ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित हो।