Gorakhpur News : योगी के निर्देश पर बड़ा एक्शन! गीडा के एंट्री प्वाइंट और राप्ती तट का बदलेगा पूरा स्वरूप
29-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश मार्गों, जीरो प्वाइंट और नौसड़ से कालेसर तक राप्ती बंधे के व्यापक सौंदर्यीकरण एवं हरित विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आज 29 जून यानि सोमवार को कमिश्नर अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, एनएचएआई समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
असल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 20 जून को हुई समीक्षा बैठक में इस बाबत दिशा निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आहूत की है। यह बैठक 29 जून को पूर्वाह्न 11 बजे आयुक्त सभागार में आयुक्त गोरखपुर की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
बैठक में गीडा क्षेत्र के सभी एंट्री प्वाइंट के सौंदर्यीकरण, जीरो प्वाइंट के समग्र विकास की कार्ययोजना और नौसड़ से कालेसर तक राप्ती बंधे के सुंदरीकरण के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस और वन महोत्सव के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण एवं हरित विकास की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की जाएगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नगर निगम, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, वन विभाग, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज और लघु उद्योग भारती सहित संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी शामिल होंगे। गीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप शहर के प्रवेश मार्गों और राप्ती तट को अधिक आकर्षक, स्वच्छ, हरित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाएगी।