Maharajganj News : मानव और पशु दोनों के लिए स्वास्थ्य सेवा, एसएसबी के शिविर में उमड़ी भीड़
29-Jun-2026
Total Views |
ठूठीबारी। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की समवाय ठूठीबारी ने सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों और पशुपालकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम चटिया में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया।
इस शिविर में 112 मानव व 383 पशुओं की जांच की गई। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महराजगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार चौहान ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस चिकित्सा शिविर से कुल 95 ग्रामीण लाभान्वित हुए, जिनमें 43 महिलाएं, 35 पुरुष एवं 17 बच्चे शामिल रहे। इसी क्रम में पशु चिकित्सा शिविर का संचालन डॉ. दिलीप सिंह पशु चिकित्साधिकारी, ठूठीबारी द्वारा किया गया। उन्होंने 45 ग्रामीणों के कुल 383 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया तथा निशुल्क औषधियों का वितरण किया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों और उनके पशुओं तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।