Maharajganj News : पहले धमाका, फिर आग... ट्रांसफार्मर फटने से सहम गए ग्रामीण

    29-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के गुलरिहा कला गांव में रविवार देर शाम अचानक विद्युत ट्रांसफार्मर फटने से अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके के बाद ट्रांसफार्मर में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गया। घटना के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से पहले तेज आवाज आई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कुछ ही क्षणों में ट्रांसफार्मर आग के गोले में बदल गया। घटना के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी।


सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और बड़ा हादसा होने से टल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ट्रांसफार्मर काफी समय से जर्जर स्थिति में था और उसकी क्षमता भी क्षेत्र की जरूरत के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

कनिष्ठ अभियंता (जेई) केशव का कहना है कि ट्रांसफार्मर फटने के कारणों की जांच की जा रही है।  क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलकर जल्द ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा।