Maharajganj News : लाल-नीली लाइट लगाकर स्टाइल मार रहा था युवक, पुलिस ने पहुंचाया थाने
29-Jun-2026
Total Views |
मिठौरा। सड़क पर मॉडिफाइड साइलेंसर और लाल-नीली फ्लैश लाइट लगाकर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाना एक युवक को भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर सिंदुरिया पुलिस ने पीछा कर बाइक चालक को वाहन सहित पकड़ लिया और उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, थाना सिंदुरिया क्षेत्र के अमतहां खास निवासी अंकुर रविवार को अपनी बाइक पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर और इंडिकेटर में लाल-नीली फ्लैश लाइट का प्रयोग करते हुए तेज गति से सिंदुरिया से अमतहां की ओर जा रहा था। उसकी तेज रफ्तार और बाइक से निकल रही तेज आवाज से राहगीरों को परेशानी हो रही थी। इस पर किसी स्थानीय व्यक्ति ने तत्काल मोबाइल के माध्यम से थाना सिंदुरिया पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विशाल शुक्ला के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुछ ही देर में बाइक चालक को वाहन सहित पकड़कर थाना ले आई। जांच के दौरान बाइक में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर और लाल-नीली फ्लैश लाइट लगी मिली। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
थाना प्रभारी विशाल शुक्ला ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध फ्लैश लाइट और अन्य गैरकानूनी उपकरणों का प्रयोग न करें। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।