Maharajganj News : शाम होते ही नहर किनारे मचा हड़कंप, पानी में मिला युवक का शव
29-Jun-2026
Total Views |
कोल्हुई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम राज मंदिर के समीप नहर में रविवार शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजगंज की मर्चरी भेज दिया। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
थानाध्यक्ष ने कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है और गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।