Maharajganj News : देवदह को मिलेगा नया पर्यटन स्वरूप, डीएम ने विकास कार्यों का लिया जायजा

    03-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को नौतनवा तहसील क्षेत्र के बनरसिया कला स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले देवदह पर्यटन परियोजना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संचालित उत्खनन कार्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि उत्खनन का प्रथम चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर विभाग को भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है।


अब तक हुए उत्खनन में उत्तर मौर्य काल से गुप्तकाल तक के महत्वपूर्ण पुरातात्विक साक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिलाधिकारी ने विपश्यना हॉल तथा सरोवर के सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए प्रथम स्तूप, द्वितीय स्तूप और सरोवर क्षेत्र के एकीकृत विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक भूमि क्रय का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा।

उन्होंने सरोवर सुंदरीकरण कार्य इस माह के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया।परियोजना क्षेत्र तक पर्यटकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन अधिकारी को सीधा संपर्क मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव भेजने तथा स्थल पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने की कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी नौतनवा को हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि देवदह बौद्ध परिपथ का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर देवदह को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रभावी प्रयास करने के दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।