Maharajganj News : गड्ढों में गुजर रही जिंदगी! पोखरा कॉलोनी के लोगों ने लगाई गुहार

    03-Jun-2026
Total Views |

महाराजगंज। नगर क्षेत्र के पिपरदेउरा स्थित पोखरा आवास कॉलोनी की सड़कें बदहाल स्थिति में पहुँच चुकी हैं। जगह-जगह बने गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण स्थानीय लोगों का चलना मुश्किल हो गया है।कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है।

मान्यवर श्री कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत वर्ष 2008 से 2011 के बीच विकसित की गई इस कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं का आभाव साफ़ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और इसपे गहरे गड्ढे बन गए हैं।


बारिश के मौसम में जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे बाइक से तो छोड़ो पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और नाली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

कॉलोनीवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की है। अधिशासी अधिकारी राजकुमार मिश्रा ने जांच के निर्देश भी दिए थे, लेकिन अब तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है।

निवासी सुभाष, मनजीत, संदीप और कैलाशी देवी ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इससे सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन की उदासीनता को लेकर लोगों में नाराजगी है।

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पिपरदेउरा स्थित पोखरा आवास कॉलोनी की सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।