Maharajganj News : गाड़ी में काली फिल्म और हूटर लगाकर टशन मत झाड़ना वरना...

    03-Jun-2026
Total Views |

नौतनवा। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नौतनवा पुलिस ने मंगलवार को अभियान चलाया। नौतनवा और निचलौल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर हूटर और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों पर कार्रवाई की, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंडीथान निकट राष्ट्रीय राजमार्ग सहित दर्जनों चार पहिया वाहनों का चेकिंग कर नियमों के विरुद्ध पाए जाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित किया किया।


थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग या अन्य मार्गो से होकर गुजरने वाले चार पहिया वाहनों की जांच के दौरान कुछ वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगा पाए गए थे। जिन्हें तत्काल शीशे से निकलवाया गया और उनके विरुद्ध व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों के विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसी तरह निचलौल में भी पुलिस ने मंगलवार शाम को एक अभियान चलाकर ब्लैक फिल्म और हूटर लगे वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान इस तरह के 11 वाहनों का चालान किया गया। एसओ अंकित सिंह ने बताया कि ब्लैक फिल्म और हूटर लगी गाड़ियों का एमवी एक्ट में चालान किया गया है। यह अभियान आगे भी चलता रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।