Maharajganj News : परतावल-महराजगंज हाईवे होगा फोरलेन, प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

    03-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज
। जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आयी है। परतावल-महराजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-730 को फोरलेन में विकसित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सड़क चौड़ी होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोगों को जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी।

सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के प्रयासों और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, 16 मई को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। उन्होंने परतावल-महराजगंज मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित किए जाने की मांग रखी थी। इस दौरान क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, जनसंख्या वृद्धि और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई थी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि फोर लेन निर्माण के प्रस्ताव पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।