Maharajganj News : पीएमश्री स्कूलों में किताबों की खरीद में गड़बड़ी की आशंका, शासन ने मांगी रिपोर्ट
03-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद के पीएमश्री विद्यालयों में लाइब्रेरी ग्रांट से खरीदी गई पुस्तकों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। लाइब्रेरी ग्रांट के लिए प्रत्येक पीएमश्री विद्यालय को 25 हजार और प्रतिवर्ष किताब खरीदने के लिए 15 हजार रुपये दिए जाते हैं।
जनपद में प्रधानमंत्री स्कूल फाॅर राइजिंग (पीएमश्री) स्कूलों का संचालन है। इनमें 12 का चयन वर्ष 2023 तो 13 का चयन वर्ष 2024 में हुआ। कक्षा आठ तक संचालित इन स्कूलों में स्थापना के समय लाइब्रेरी ग्रांट के तहत 25 हजार रुपये तो प्रत्येक वर्ष 15 हजार रुपये किताबों की खरीद के लिए दिए जाते हैं।
शासन स्तर से क्रय की जाने वाली किताबों की सूची भी तय है, लेकिन कहीं-कहीं यह स्थिति संज्ञान में लाई गईं कि जो पुस्तकें तय हैं, उनकी जगह दूसरे प्रकाशकों की किताबें खरीदी गईं। शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षा निदेशालय को लाइब्रेरी ग्रांट से खरीदी गई किताबों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं। इसकी रिपोर्ट भी प्रत्येक जिले से भेजी जानी है।