Gorakhpur News : लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए ट्रेन के साथ रील बनाई तो खैर नहीं, होगी ये सजा
03-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर या ट्रेन से लटककर अगर रील बनाने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अब रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर, ट्रेन से लटककर या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वीडियो और सेल्फी बनाते पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
ऐसे मामले में जुर्माने के साथ जेल भी हो सकती है। रेल प्रशासन ने वंदेभारत और अमृत भारत जैसी तेज हाईस्पीड वाली ट्रेन का हवाला देकर हादसों के प्रति आगाह किया है और किसी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी है।
दरअसल, रेलवे ट्रैक पर लापरवाहीपूर्वक रील्स बनाने और सेल्फी लेने के चक्कर में कई हादसे हो चुके हैं। इसका संज्ञान लेते हुए रेल प्रशासन ने अब सख्ती बरतनी शुरू की है।
एनईआर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि कुछ युवाओं द्वारा फॉलोवर्स एवं लाइक्स बढ़ाने के उद्देश्य से अपने जीवन की परवाह किए बिना रेलवे ट्रैक पर लापरवाहीपूर्वक रील्स व सेल्फी बना रहे हैं। प्रतिबंधित स्थलों पर अनाधिकृत रूप से रील बनाना रेल अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि प्रतिबंधित स्थलों पर रील न बनाएं। अनाधिकृत रूप से रेल लाइन को न पार करें।