Maharajganj News : महराजगंज में बदलेंगे मतदान केंद्र! चुनाव आयोग के नए फैसले से मचेगी हलचल
30-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। आगामी चुनावों को निष्पक्ष, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी के तहत महराजगंज में 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जाएगा। ऐसे मतदान केंद्रों को विभाजित कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, जिससे मतदान के दौरान लंबी कतारों से राहत मिले और मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम हो सके।
यह जानकारी सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने चुनाव आयोग के निर्देश पर कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में दी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों के संबंध में यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के पास कोई सुझाव अथवा प्रस्ताव हो तो उसे एक जुलाई की सायं तक जिला निर्वाचन कार्यालय, महराजगंज में लिखित रूप से उपलब्ध करा दें, ताकि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें।
बैठक में बताया गया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मतदेय स्थलों का निर्धारण किए जाने के बाद नई मतदेय स्थल की सूची का चार जुलाई को प्रकाशन किया जाएगा, और उसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी जाएगी।