Maharajganj News : परतावल पुलिस चौकी में हंगामा, कार्रवाई न होने का आरोप लगाकर महिलाओं ने बनाया वीडियो

    30-Jun-2026
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की परतावल पुलिस चौकी पर दो महिलाओं द्वारा पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है। सोमवार को वायरल इस वीडियो को करीब दस दिन पुराना बताया जा रहा है।

वीडियो में दो महिलाओं पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए चौकी परिसर में हंगामा करंती और स्वयं वीडियो बनाती दिखाई दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। हालाँकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि आपन महराजगंज नहीं करता है।

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी की परतावल शाखा में कार्यरत था। उस व्यक्ति द्वारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ऋण वितरित किया गया था, लेकिन बाद में वह लगातार अनुपस्थित रहने लगा। बकाया ऋण की रिकवरी के लिए कंपनी के मैनेजर बलबीर सिंह और क्षेत्रीय मैनेजर धनजीत पटेल एजाज के घर कप्तानगंज पहुंचे।

इस दौरान एजाज की पत्नी संध्या से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार कंपनी के कर्मचारी के वापस लौटने के बाद संध्या अपनी सहेली चांदनी के साथ परतावल स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंची, और वहां दोनों ने हंगामा शुरू कर दिया।


सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को परतावल पुलिस चौकी ले आई। वहां भी दोनों युवतियों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वायरल वीडियो में दोनों स्वयं मोबाइल से वीडियो बनाती नजर आ रही हैं।

एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो करीब 10 दिन पुराना है। माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों और महिला के बीच ऋण वसूली को लेकर विवाद हुआ था, जिसके संबंध में दोनों महिला पुलिस चौकी पहुंची थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई थी।