Maharajganj News : राहत की बारिश बनी आफत, कई इलाकों में पानी भरने से बढ़ी परेशानी

    30-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। सोमवार को हुई बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं नगर क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खोलकर रख दी। बारिश थमने के कुछ ही देर बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर जमा पानी के कारण पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा।

नगर पालिका क्षेत्र के सिविल लाइंस वार्ड, बिस्मिल नगर, पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर, दुर्गा मंदिर परिसर, बस स्टेशन के बगल स्थित दुकानों के सामने तथा विकास भवन गेट के सामने जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सिविल लाइंस वार्ड निवासी नदीम ने बताया कि हर बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाता है। इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पालिका से की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।


वहीं, बिस्मिल नगर वार्ड की निवासी संज्ञान माला ने बताया कि क्षेत्र में समुचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। ऐसे में लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है, इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि बारिश के बाद जिन स्थानों पर जलभराव की सूचना मिली है, वहां तत्काल नगर पालिका की टीम भेजकर पानी की निकासी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया गया है और इसके स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।