Gorakhpur News : शादी के नाम पर दो राज्यों में बेची गई जिंदगी? युवती ने सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी
04-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चौरी चौरा थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती की दलालों के चंगुल में फंसकर जिंदगी बर्बाद हो गई। क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही तीन लोगों पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी, शोषण और जीवन बर्बाद करने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार, स्वजन को गुमराह कर बिचौलियों ने चौरी चौरा की एक लड़की की हरियाणा में शादी कराई। पहले के छोड़ने पर पीड़िता मदद के लिए बिचौलियों के पास पहुंची तो भविष्य की परवाह किए बिना आरोपितों ने दूसरी शादी राजस्थान में करा दी। युवती का आरोप है कि वह करीब दस महीने तक अपने दूसरे पति के साथ रही। इसी दौरान वह गर्भवती भी हो गई थी।
युवती का कहना है कि बाद में उसे हरियाणा में हुई पहली शादी से जुड़े विवाद और मुकदमे की जानकारी देकर उसके दूसरे पति को भड़का दिया गया। इसके बाद उसका गर्भपात करा दिया गया और उसे घर से निकाल दिया गया। फिर से बेसहारा होने पर वह उस बिचौलिए के पास पहुंची जिसने उसकी शादी कराई थी, लेकिन वहां भी उसकी मदद नहीं की गई।
इसके बाद दलाल उसकी तीसरी शादी की तैयारी कर रहा था। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की। पीड़िता ने गोरखपुर आकर गांव की दो महिलाओं, हरियाणा और राजस्थान में शादी रचाने वाले युवक और दलाल के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने व उसे न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।