Maharajganj News : पति विदेश में, इधर बदल गया बाइक का मालिकाना हक

    04-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़वार में भरण-पोषण की राशि की वसूली से पहले बाइक का कथित रूप से कूटरचित तरीके से हस्तांतरण कराने का मामला सामने आया है। ग्राम बड़वार निवासी शबनम खातून की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर में शबनम खातून ने बताया है कि उसकी शादी बड़वार के जैश अली के साथ हुई थी। पति ने मारपीट कर उसे ससुराल से निकाल दिया और दूसरी शादी कर ली। इस मामले में थाने में प्राथमिकी भी दर्ज है। न्यायालय ने उसके पक्ष में भरण पोषण के लिए पांच हजार रुपये के अलावा 35 हजार रुपये वसूली के लिए पति की बाइक कुर्क करने का आदेश भी दिया है।


आरोप है कि वसूली का आदेश थाने पर आने के बाद पीड़िता की सास अलीमुन निशा ने कूटरचित तरीके से उसके पति के नाम पर खरीदी गई बाइक जेठ फैयाद के नाम से ट्रांसफर करवा दी। जबकि उसका पति आठ महीने से विदेश में कमाने गया है। इस संबंध में एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि नामजद तहरीर पर अलीमुन निशा, फैयाद, नूरूल, मोहर्रम व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।