Maharajganj News : सावधान! गर्मी में जिस आइसक्रीम से तलाश रहे राहत, उसके 13 में से 10 नमूने फेल
04-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भीषण गर्मी में आइसक्रीम खाकर राहत पाने वाले लोगों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। आइसक्रीम खाने वालों को बहुत ज़्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। अप्रैल और मई महीने में जनपद के विभिन्न दुकानों से लिए गए आइसक्रीम के 13 नमूनों में से 10 फेल हो गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य विभाग आरोपियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
जनपद में 30 से अधिक आइसक्रीम व बर्फ तैयार करने वाली यूनिट संचालित हैं जिनकी नियमित जांच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के जिम्मे है। विभाग की ओर से नियमित तौर पर अभियान चलाकर कार्रवाई भी की जाती है। इसी के तहत अप्रैल और मई महीने में विभिन्न दुकानों पर छापा मारकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 13 नमूने लिए थे।
बुधवार को जो रिपोर्ट प्राप्त हुई उसमें कुल 10 नमूने फेल पाए गए हैं। गौरतलब है कि इन दिनों गर्मी की वजह से अप्रैल और मई महीने में आइस्क्रीम की बिक्री बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, आइसक्रीम में रंग और स्वाद लाने के लिए हानिकारक वस्तुओं की मिलावट की जाती है। इससे सेहत को नुकसान पहुंचता है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और मानकयुक्त उत्पादों का ही सेवन करें।