Maharajganj News : सुबह घर से निकली महिला, दोपहर में जंगल के पेड़ से लटका मिला शव

    04-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। दक्षिणी चौक रेंज के नाथनगर बीट स्थित जंगल में गुरुवार को एक विवाहिता का शव जामुन के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस घटना के बाद इलाके में चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। सूचना पर पहुंची चौक पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के धरमौली ग्राम सभा के डुमरभार टोला निवासी फूलमती (35) का घरेलू विवाद था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तब परिजन उसकी तलाश में जुट गए।


इसी बीच जंगल की ओर गए कुछ लोगों की नजर नाथनगर बीट में एक जामुन के पेड़ से पीले रंग के दुपट्टे के सहारे लटक रहे महिला के शव पर पड़ी। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना मिलने पर चौक थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की गहन जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जंगल में शव मिलने की सूचना जब परिजनों तक पहुंची तो वे बदहवास होकर मौके पर पहुंचे। शव की पहचान फूलमती के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के तीन बेटे उपेंद्र, गोविंद और अरविंद मां के शव से लिपटकर बिलख पड़े।

बच्चों की चीत्कार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।