Gorakhpur News : खेत में प्रेमी ने मिलने बुलाया, फिर जो हुआ उसने किशोरी की जिंदगी बदल दी

    08-Jun-2026
Total Views |

गोरखपुर।
शहर में 14 साल की लड़की से दुष्कर्म और फिर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। किशोरी को उसके प्रेमी ने रात में मिलने के लिए खेत में बुलाया। फिर कुछ देर इधर-उधर की बातें करने के बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान उसके 2 दोस्त भी मौजूद थे, जो वीडियो बनाते रहे।

यह घटना 5 जून को हुई थी, लेकिन वह लड़की इतना डर गयी थी कि वह 2 दिन चुप रही। लेकिन, इसी बीच प्रेमी ने एक अश्लील वीडियो लड़की को भेजा और उसको ब्लैकमेल करने लगा। तब इसके बाद लड़की ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। रविवार को सहजनवा थाने में मां ने शिकायत की। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड आशीष निषाद (20), उसके दोनों दोस्तों दीपक (22) और आर्यन (23) के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 टीमें बनाई गई हैं।

सहजनवा थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 साल की लड़की अपने परिवार के साथ रहती है। उसी गांव में 20 साल का आशीष निषाद भी रहता है। आशीष की लड़की से काफी समय से बातचीत होती थी। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ गईं।


लड़की का कहना है कि आशीष ने 5 जून की देर रात उसको गांव के सिवान की ओर मिलने के लिए बुलाया। पहले लड़की ने रात में आने से इनकार कर दिया। लेकिन, आशीष के बार-बार कहने पर वह मिलने के लिए तैयार हो गई। दोनों रात के अंधेरे में खेतों की तरफ पहुंचे। वहां आशीष के साथ उसके 2 दोस्त भी मौजूद थे।

लड़की ने जब वहां आशीष के दो दोस्तों को देखा, तो वह घबरा गई। लेकिन, आशीष ने लड़की से कहा कि वे उसके दोस्त हैं। परेशान होने की कोई बात नहीं है। इसके बाद आशीष ने लड़की से रेप किया और उसके दोनों साथी घटना का वीडियो बनाते रहे।

जब लड़की ने रोते हुए पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो तीनों लड़के वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। 6 जून को आशीष ने लड़की को दोबारा मिलने के लिए बुलाया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया।

इस पर आशीष ने रेप के कुछ फोटो लड़की के मोबाइल पर भेजकर उसे डराने की कोशिश की। जब लड़की फिर भी तरह आने को तैयार नहीं हुई, तो आशीष ने उसके मोबाइल पर रेप का वीडियो भेजा और ब्लैकमेल करने लगा। साथ ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। तब लड़की ने रोते हुए पूरी घटना अपने घरवालों को बताई।

वीडियो देखने के बाद घरवालों ने डायल- 112 पर सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी टीम और सहजनवा थाना पुलिस शनिवार रात ही गांव पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ के दौरान लड़की ने वीडियो दिखाया। साथ ही आरोपियों की पहचान करते हुए उनके नाम बताए। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां कार्रवाई के बाद मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष निषाद और उसके दो साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।