Maharajganj News : तस्करों की तलाश में सीमा पर बिछा जाल, दिनभर चला अभियान
08-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। खाद तस्करी की सूचना मिलने के बाद रविवार को नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस, एसएसबी और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा के पगडंडी मार्गों पर दिन भर निगरानी की। इस दौरान सोनौली, ठूठीबारी, परसामलिक क्ष्रेत्र के पगडंडी मार्गों पर जांच की गई।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस व एसएसबी की तरफ से मिल रहे इनपुट के आधार पर बाॅर्डर के रेहरा, सेवतरी, लुठहवा, नौडिहवा आदि में खाद लेकर बाइक व साइकिल से आने-जाने वालों से पूछताछ की और भूमि उपलब्धता पुष्टि के लिए खतौनी की जांच की। हालांकि 10 घंटे चले इस संयुक्त अभियान में रविवार तस्करी का कोई मामला नहीं पकड़ा जा सका। जांच-पड़ताल के दौरान एसएसबी व पुलिस के जवानों की मुस्तैदी भी देखी गई।
सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक संयुक्त जांच अभियान के बाद डीएओ ने एसएसबी की तरफ से चार जून को पकड़े गए तस्करी के मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत कोल्हुई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया। तहरीर में बताया गया कि खैराघाट के एसएसबी निरीक्षक ने चार जून को शाम पांच बजे एक बाइक पर दो बोरी अनुदानित भारतीय डीएपी (आईपीएल) कंपनी का ले जाते एकडेंगवा के जावेद को पकड़ा। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।