Maharajganj News : शिकायत करने के बाद क्या हुआ? 24 घंटे में मिलेगा जवाब, नौतनवा थाने की नई व्यवस्था चर्चा में

    08-Jun-2026
Total Views |

नौतनवा। स्थानीय थाने में शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों को अब अपनी शिकायत की स्थिति जानने के लिए बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से नौतनवा पुलिस ने नयी व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत अब फरियादियों को शिकायत प्राप्ति रसीद (पर्ची) दी जा रही है। साथ ही प्रत्येक 24 घंटे में थाना स्तर पर गठित फीडबैक सेल के प्रभारी मुख्य आरक्षी आवेदकों से फीडबैक ले रहे हैं।

इस बारे में थानेदार अभिषेक सिंह ने इसके तहत समस्त चौकी प्रभारियों, उपनिरीक्षकों एवं बीट पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान मातहतों को इस नई शुरुआत की जानकारी दी गई। साथ ही लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई को लेकर भी चेताया गया।


थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि थाने पहुंचने वाले आवेदकों के मामलों को रजिस्टर में दर्ज कर एक रसीद दी जा रही है। जिसमें आवेदक का नाम, मोबाइल नंबर और मामले के संक्षिप्त विवरण के साथ ही संबंधित प्रकरण के जांच अधिकारी का नाम भी अंकित किया जा रहा है। प्रकरण में 24 घंटे के अंदर क्या कार्रवाई हुई और उससे आवेदक संतुष्ट हैं या नहीं इसका फीडबैक लेने के लिए फीडबैक सेल गठित किया गया है।

मुख्य आरक्षी आवेदक से संपर्क कर यह जानकारी लेंगे कि मामले में क्या कार्रवाई हुई और वह उससे संतुष्ट हैं या नहीं।

यदि किसी भी जिम्मेदार ने हीलाहवाली या अनदेखी करने की कोशिश की तो फरियादियों की असंतुष्टि के आधार पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय कुमार, चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, जयप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक तनु दुबे, फैयाज अहमद, रोहित यादव, विकास गौड़, मनीष वर्मा, आशुतोष पाठक, मनीष पटेल, धर्मेंद्र तिवारी, शंकर दयाल मौजूद रहे।