Maharajganj News : रास्ते बने तालाब ! शिकायतों के बावजूद नहीं बदल रहे यहाँ के हालात
08-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। रुधौली भावचक गांव के सेमरहना टोला में जलभराव और गंदगी की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नालियों के अभाव और सफाई व्यवस्था की अनदेखी के कारण गांव के कई हिस्सों में गंदा पानी जमा है। इससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी सड़कों और रास्तों पर जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। कई स्थानों पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से सबसे ज़्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों को झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीण शत्रुधन, करमदानी, रामाधार, देवराज, सोनलाल गौतम, तुफानी और भोला ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित सफाई अभियान चलाने, नालियों का निर्माण कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।