Gorakhpur News : सुबह 4 बजे कमरे से निकला 28 साल का AIIMS कर्मचारी, डेढ़ घंटे बाद मिला शव... गोरखपुर में सनसनी
01-Jul-2026
Total Views |
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में बुधवार सुबह एम्स गोरखपुर के एक संविदा कर्मी का शव घर की छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी 28 वर्षीय शुभम शुक्ला, पुत्र जनार्दन शुक्ला, एम्स गोरखपुर में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। पहले उनकी तैनाती निदेशक कार्यालय में थी, जबकि वर्तमान में वे एम्स परिसर स्थित रैन बसेरा में सेवाएं दे रहे थे।
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे शुभम अपने कमरे से निकलकर मकान की छत पर बने कमरे में चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को संदेह हुआ। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वे ऊपर पहुंचे तो शुभम नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटके मिले।
तत्काल उन्हें नीचे उतारा गया और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।