Maharajganj News : परतावल CHC में अव्यवस्थाएं देख भड़के नए CMO, कर्मचारियों को दी चेतावनी

    01-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के नवागत मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. सुरेन्द्र चौधरी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड व महिला विंग का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की बिंदुवार जानकारी ली। परिसर व वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीक्षक कक्ष में वार्ड बॉय और सफाई कर्मचारियों को बुलाकर अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति की भी विस्तार से जानकारी ली।

इसके बाद सीएमओ ने कमरा नंबर-1 में पहुंचकर विभिन्न अभिलेखों व रजिस्टरों का बारीक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों को समय से अस्पताल पहुंचकर मरीजों की सेवा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि समयपालन व कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, लैब टेक्नीशियन किशोर प्रसाद, एक्स-रे टेक्नीशियन हृदेश पटेल, स्टाफ नर्स सीबी आर्या, जनार्दन सिंह, प्रभुनाथ, इम्तियाज, अनिल यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।