Maharajganj News : फ्री की बिरयानी खाना पड़ा भारी, एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
01-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौराहा स्थित होटल ताज में बिरयानी के भुगतान को लेकर डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों और होटल संचालक के बीच हुए विवाद में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले की जांच कराई गयी। जिसमें पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन और अनुशासनहीनता की पुष्टि होने पर दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। वहीं, घटना में शामिल होमगार्ड के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी गई है।
होटल ताज के संचालक ने आरोप लगाया था कि डायल-112 के पुलिसकर्मियों ने तीन प्लेट बिरयानी पैक कराने के बाद भुगतान करने से मना कर दिया। विरोध करने पर संचालक ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो बाद में वायरल हो गया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी।
संचालक के अनुसार, ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई थी। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद मामले में विभागीय जांच आगे बढ़ेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।