Maharajganj News : उधार खाद नहीं मिली, फिर जो हुआ...
01-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के फरेंदा कोतवाली क्षेत्र स्थित परसाबेनी बाजारडीह साधन सहकारी समिति में बुधवार को खाद वितरण के दौरान विवाद हिंसक हो गया। समिति में तैनात सहायक लेखाकार पर कथित रूप से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित ने गांव के ही कुछ नामजद और करीब 10 अज्ञात लोगों पर मारपीट करने और समिति के 1 लाख लेकर फरार होने का आरोप लगाया है।कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार फरेंदा बुजुर्ग निवासी सुदीप कुमार गुप्ता परसाबेनी स्थित साधन सहकारी समिति में सहायक लेखाकार के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि बुधवार को समिति परिसर में किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा था।
इसी दौरान बाजारडीह निवासी आरोपित अपने तीन बेटों समेत करीब 10 अज्ञात लोगों के साथ हाथों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे। उधार खाद की मांग करने लगे।उधार खाद देने से साफ इनकार आरोपित भड़क गए। हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।