Maharajganj News : फिटनेस फेल तो सीधा सीज! महराजगंज में स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा

    01-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग सोमवार से स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू करने जा रहा है। इस बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को केवल सीज ही नहीं किया जाएगा, बल्कि संबंधित स्कूल प्रबंधन पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।

अप्रैल में शुरू शिक्षा सत्र में एआरटीओ व प्रवर्तन टीम ने स्कूल वाहनों की फिटनेस व तय मानकों की व्यवस्था के बाद शिविर लगाकर पोर्टल पर वाहनों को ऑन बोर्ड किया। लेकिन सिर्फ 923 निजी स्कूलों ने ही निर्धारित मानक पूर्ण कर पंजीकरण कराया। लगभग 60 की संख्या में स्कूली वाहनों ने ऑनलाइन होने की अनिवार्यता नहीं पूरी की।


बीते माह अभियान के दौरान कुछ मानकविहीन वाहनों को सीज भी किया गया था, लेकिन अभी भी 40 से 50 स्कूल वाहन बिना फिटनेस या आवश्यक सुरक्षा मानकों के बच्चों का परिवहन कर रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय से एक बार फिर स्कूल वाहनों के जांच-पड़ताल के निर्देश प्रभावी करने को कहा गया है।

एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मानकविहीन स्कूल वाहनों की जांच सोमवार से शुरू की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने के साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधक पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।