Maharajganj News : एक डॉक्टर और वार्ड बॉय के भरोसे चल रहा था ये अस्पताल, निरीक्षण में सामने आई हकीकत

    10-Jul-2026
Total Views |

फरेंदा। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने गुरुवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धानी और बनकटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों में कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

गुरुवार रात 08:45 बजे सीएमओ सीएचसी धानी के औचक निरीक्षण को पहुंचे। महराजगंज व सिद्धार्थनगर की सीमा पर बनी यह सीएचसी काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन इमरजेंसी में एक डाक्टर के अलावा वार्ड ब्वॉय ही मौजूद मिले। फार्मासिस्ट व स्टाफ नर्स गैरहाजिर मिले। उपस्थिति पंजिका जांच के बाद रात्रि 09:10 बजे सीएमओ बनकटी पहुंचे जहां इमरजेंसी स्टाफ के अलावा सभी गैरहाजिर रहे। यहां डाक्टर वजाहत करीम, फार्मासिस्ट गजेंद्र उपाध्याय, स्टाफ नर्स पिंटू यादव, वार्ड ब्वॉय आशीष यादव मौजूद मिले।


उपस्थिति पंजिका जांच के बाद उन्होंने उपस्थित मरीजों से अस्पताल की सुविधा व सहूलियत की जानकारी ली। फार्मासिस्ट से एंटी स्नैक वेनम, रैबीज इंजेक्शन व अन्य दवाओं की उपलब्धता व वितरण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौजूद स्टाफ को हिदायत देते हुए कहा कि उपचार में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। समय पर अस्पताल आना और जाना सुनिश्चित करें जिससे 24 घंटे आपातकालीन सेवा प्रभावी रखी जा सके।