Maharajganj Politics : कैंप कार्यालय में लगी फरियादियों की कतार, पंकज चौधरी ने सुनीं एक-एक शिकायत

    10-Jul-2026
Total Views |

महाराजगंज। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को महराजगंज स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग राजस्व, पुलिस, बिजली, सड़क, सिंचाई, चिकित्सा, पेंशन, आवास, शिक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों और मांगों को लेकर पहुंचे। पंकज चौधरी ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यदि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में किसी प्रकार की बाधा आ रही है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने की बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने की औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव न्याय, सुरक्षा और विकास का लाभ मिले।





उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया गया है।


उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर जीवन स्तर को नई गति दी है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, बेहतर सड़क नेटवर्क, औद्योगिक निवेश, महिला सुरक्षा और किसान हित में अनेक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। साथ ही अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई से निवेश का बेहतर माहौल बना है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।

प्रदेश में अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे निवेश का वातावरण बेहतर बना है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और फरियादी उपस्थित रहे।