Maharajganj News : पानी मांगा, मंगलसूत्र छीना और भाग निकला... 23 दिन बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

    10-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरंदरपुर थाना पुलिस ने मंगलसूत्र चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना पुरंदरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 154/2026 (धारा 303(2), 317(2) बीएनएस) से संबंधित वांछित अभियुक्त लिन्स उर्फ मोनू (21 वर्ष) पुत्र भोला बासफोर, निवासी सवरेजी, थाना खामपार, जनपद देवरिया (वर्तमान पता- विलिया हनुमान मंदिर, थाना शाहपुर, गोरखपुर) को मुखबिर की सूचना पर आज 10 जुलाई 2026 को सेमरहनी जंगल के पास से गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के मुताबिक, 17 जून 2026 को राजमंदिर खुर्द निवासी रामललित चौधरी की पत्नी से आरोपी ने पहले पानी माँगा और फिर मंगलसूत्र साफ़ करने के बहाने उसे लेकर फरार हो गया था। पीड़िता की तहरीर पर पुरंदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

गिरफ़्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किये गए मंगलसूत्र को बेचने के बाद बची 1,900 रुपये की नकदी बरामद की है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ जीआरपी गोरखपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुराग प्रकाश पांडेय, कांस्टेबल आदित्य यादव और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।