Maharajganj News : स्कूल बस में बच्चों को भेजने से पहले पढ़ लें यह खबर! महराजगंज पुलिस ने की बड़ी जांच

    10-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज यातायात पुलिस ने आज यानि शुक्रवार को नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न विद्यालयों की स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण किया। अभियान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।

निरीक्षण के दौरान, पुलिस ने नगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विद्यालयों की स्कूल बसों की फिटनेस, वैध बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच की। जिन विद्यालयों में किसी प्रकार की कमी पाई गई, उन्हें सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालित न करने की अपील की गई। निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।