Maharajganj News : सोनौली बॉर्डर पर नहीं थम रहा ट्रकों का जाम, चार दिन बाद भी 5 किमी लंबी कतार से बढ़ी मुश्किलें

    10-Jul-2026
Total Views |

सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है। चार दिन बीत जाने के बाद भी ट्रकों की लंबी कतार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात कस्टम और नेपाल भंसार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 200 से अधिक मालवाहक वाहनों को नेपाल भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद नो-मैन्स लैंड से नौतनवा-कुनसेरवा बाईपास तक करीब पांच किलोमीटर लंबी ट्रकों की लाइन लगी रही। इससे सीमा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है।

सीमा पर ट्रकों का दबाव कम करने के लिए भारतीय कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से लगातार वाहनों की निकासी कराई जा रही है। इसके बावजूद नेपाल भंसार में वाहनों की धीमी जांच और सीमित प्रवेश क्षमता के कारण जाम की स्थिति पूरी तरह समाप्त नहीं हो पा रही है। बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन अब भी नेपाल प्रवेश की प्रतीक्षा में खड़े हैं।


ट्रक चालक रमेश, दीपक, आदिल, अर्जुन निवासी बलिया, देवरिया, बहराइच और मेरठ ने बताया कि कई दिनों से सड़क पर खड़े रहने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भोजन, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव के साथ ही वाहनों के लगातार खड़े रहने से डीजल की खपत भी बढ़ रही है। समय से माल की आपूर्ति नहीं हो पाने से ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय सीमा क्षेत्र में जाम की स्थिति को देखते हुए नेपाल भंसार अधिकारियों से वार्ता की गई है। वाहनों की निकासी तेजी से कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मालवाहक वाहनों की लंबी कतार से सीमा क्षेत्र के स्थानीय लोगों और नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। सड़क पर ट्रकों के एक लेन में खड़े रहने से छोटे वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वाहनों की निकासी प्रक्रिया तेज कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। सीमा पर तैनात प्रशासनिक अधिकारी, कस्टम और सुरक्षा एजेंसियां लगातार वाहनों की निकासी में जुटी हैं।