Gorakhpur News : बीमार पिता के सामने बेटी के साथ होती रही ये वारदात, शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल
11-Jul-2026
Total Views |
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे हॉस्पिटल के पास सड़क दुर्घटना के बाद एक युवती के साथ उसके बीमार पिता के सामने मारपीट और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती नौ जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल लेकर जा रही थी। रेलवे हॉस्पिटल के पास उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। युवती का आरोप है कि बाइक चालक ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उससे माफी मांगने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे।
पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, बाल खींचे, कपड़े फाड़ने का प्रयास किया, गलत तरीके से छुआ और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसकी कार में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान कार में बैठे बीमार पिता बेबस होकर पूरी घटना देखते रहे, जबकि युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।
युवती की तहरीर पर शाहपुर थाने में बाइक चालक और स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभ में दर्ज धाराओं में बाद में वीडियो सामने आने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, मारपीट तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दी गईं।
पीड़िता का कहना है कि वह सभी आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए थे, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।