Maharajganj News : मां ने खिड़की से देखा तो पैरों तले खिसक गई जमीन, कमरे में लटका था 20 साल का बेटा

    11-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के सिंदुरिया गांव में शनिवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव घर की छत पर बने कमरे में पंखे से बंधे चादर के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया गांव निवासी 20 वर्षीय नीरज शर्मा पुत्र जयप्रकाश शर्मा शुक्रवार की रात भोजन करने के बाद घर की छत पर बने कमरे में सोने चला गया था।

शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उसकी मां शीला देवी उसे जगाने पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उन्होंने खिड़की पर लगी प्लास्टिक की पन्नी हटाकर अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे में नीरज का शव पंखे से बंधे चादर के फंदे पर लटक रहा था।


यह दृश्य देखते ही मां और बहन इंदु की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतक की मां शीला ने बताया कि नीरज के पिता जयप्रकाश शर्मा रोजी-रोटी के सिलसिले में महाराष्ट्र के पुणे में रहते हैं, जबकि बड़ा भाई धीरज हैदराबाद में कार्य करता है। घटना के समय घर में नीरज अपनी मां और बहन के साथ ही मौजूद था।

थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।