Maharajganj News : सोनौली बॉर्डर पर 5 किमी ट्रकों की कतार, जाम कम करने के लिए भारत-नेपाल ने लिया ये बड़ा फैसला

    11-Jul-2026
Total Views |

सोनौली। भारत-नेपाल की प्रमुख सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले पांच दिनों से बने जाम के बीच शुक्रवार को भी भारतीय सीमा में करीब पांच किलोमीटर तक ट्रकों की लाइन लगी रही। हालात को देखते हुए दोनों देशों के अधिकारियों ने मालवाहक वाहनों की आवाजाही का समय बढ़ाकर रात 12 बजे तक करने का निर्णय लिया है।

दोनों देशों के निर्णय के बाद अब मालवाहक ट्रक रात 12 बजे तक नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे। इससे पहले वाहनों का आवागमन प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक ही होता था। इससे पूर्व भी ट्रकों के बढ़ते जाम को देखते हुए दोनों देशों के अधिकारी आधी रात तक निर्यात के वाहनों को नेपाल भेजने का निर्णय ले चुके हैं।


सोनौली बॉर्डर पर वर्तमान में करीब पांच किलोमीटर लंबे जाम में दो हजार से अधिक मालवाहक ट्रक फंसे हुए हैं। इनमें दिल्ली, कोलकाता, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से आए वाहन शामिल हैं। लंबे इंतजार के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कोतवाल सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय सीमा में मालवाहक वाहनों के बढ़ते जाम को कम करने के उद्देश्य से भारत और नेपाल के अधिकारियों ने आपसी सहमति से सीमा को रात 12 बजे तक खोलने का निर्णय लिया है।