Maharajganj News : परिवार था शादी में मस्त ! इधर बॉयफ्रेंड संग 17 साल की किशोरी ने किया ये कांड
11-Jul-2026
Total Views |
परतावल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान एक नाबालिग किशोरी के अचानक लापता होने से कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। किशोरी अपनी मौसेरी बहन के विवाह में शामिल होने पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि उसका प्रेमी मौके पर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही देर में दोनों को बरामद कर चौकी ले आई।
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग विवाह समारोह की तैयारियों में व्यस्त थे। आरोप है कि इसी दौरान किशोरी का प्रेमी भी समारोह स्थल पर पहुंच गया और मौका पाकर उसे अपने साथ लेकर चला गया। काफी देर तक किशोरी के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही किशोरी के पिता ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस ने युवक और किशोरी को बरामद कर लिया तथा दोनों को चौकी ले आई जहां देर शाम तक दोनों से पूछताछ चलती रही। पिता के अनुसार किशोरी युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी है। किशोरी नाबालिग है, इसलिए पुलिस उसके बयान, पूर्व में दर्ज मुकदमे और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पीड़ित पिता ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब एक माह पहले भी उनकी बेटी कथित तौर पर उसी युवक के साथ चली गई थी। एक माह पहले उनकी 17 वर्षीय पुत्री अपने मौसा के घर गई थी। 14 जून की दोपहर वह घर लौटने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि उसी वार्ड का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
इसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की थी। बाद में पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बावजूद युवक ने दोबारा उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नाबालिग होने के कारण विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।