Maharajganj News : रामग्राम स्तूप से फिर खुलेंगे इतिहास के पन्ने, ASI ने तय किया खुदाई का नया क्षेत्र
11-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। ऐतिहासिक रामग्राम स्तूप में छिपे प्राचीन इतिहास को उजागर करने की दिशा में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने एक और अहम कदम बढ़ाया है। शनिवार को एएसआई की उच्चस्तरीय टीम ने प्राथमिक सर्वे पूरा करते हुए दूसरे चरण के उत्खनन की रूपरेखा तैयार कर ली।
अधीक्षण सर्वेक्षक राजेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने स्थल का विस्तृत अवलोकन किया। टीम ने प्रथम चरण में हुई खुदाई वाले स्थानों का गहन निरीक्षण किया। सर्वे के आधार पर पुरातत्व विभाग की टीम ने द्वितीय चरण की खुदाई के लिए 50x50 मीटर के क्षेत्रफल को चिन्हित किया है। इस निर्धारित क्षेत्र में मुख्य टीले के साथ-साथ सतह पर स्थित छोटे टीले भी शामिल हैं।
सर्वे का उद्देश्य उत्खनन स्थल की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करना, खुदाई का सटीक क्षेत्र तय करना और आगे की कार्ययोजना तैयार करना था। निरीक्षण के दौरान टीम लीडर ने विशेषज्ञों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सर्वे से पहले एएसआई की टीम ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से मुलाकात कर प्रथम चरण की खुदाई से मिले महत्वपूर्ण ऐतिहासिक साक्ष्यों की जानकारी दी। साथ ही दूसरे चरण की प्रस्तावित कार्ययोजना साझा करते हुए जिला प्रशासन से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने एएसआई की टीम को हर संभव प्रशासनिक और स्थानीय सहयोग का पूरा भरोसा दिया और निर्देश दिया कि दूसरे चरण का उत्खनन कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। अधीक्षण सर्वेक्षक ने बताया कि सर्दियों की शुरुआत के साथ ही दूसरे चरण का उत्खनन कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने और एएसआई की टीम को सभी जरूरी सुविधाएं व सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
सर्वेक्षण दल में उप अधीक्षण पुरातत्व अभियंता दिलीप कुमार, सहायक अधीक्षण पुरातत्व अभियंता पंकज तिवारी, सहायक अभियंता अखिलेश तिवारी तथा सर्वेक्षक राम नरेश यादव शामिल रहे।