Maharajganj News : एक फॉल्ट ने बढ़ाई मुश्किलें, रात से दिन तक बिजली संकट से जूझता रहा इलाका

    11-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

सिसवा बाजार। नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हुई बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। रात करीब दो बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात में हुई बारिश के चलते गोपाला विद्युत केंद्र से सिसवा आने वाली 33 केवीए की मुख्य विद्युत लाइन में खराबी आ गई। विद्युत विभाग के कर्मचारी लाइन की मरम्मत में जुटे रहे।


उधर, नगर के वार्ड नंबर 24 चित्रगुप्त नगर अंतर्गत सब्जी मंडी नौका टोला क्षेत्र में कमजोर विद्युत तार में फाल्ट होने से सुबह से पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रही। क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। बिजली नहीं मिलने और लो वोल्टेज के कारण भीषण गर्मी में वार्डवासियों को पानी सहित अन्य दैनिक जरूरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासी राजन विश्वकर्मा, हरिलाल सोनी और फिरोज एजाज समेत अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से कमजोर और जर्जर विद्युत तारों के कारण बार-बार फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने विद्युत विभाग से जर्जर तारों को बदलने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने और बिजली व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने की मांग की।