Maharajganj News : जहां सांपों के बीच ट्रेन पकड़ने को मजबूर हैं यात्री, बदहाल पड़ा गुरली रमगढ़वा हाल्ट
13-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल प्रखंड पर स्थित गुरली रमगढ़वा हाल्ट रेलवे स्टेशन मूलभूत सुविधाओं के अभाव और बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। स्टेशन भवन जर्जर हो चुका है, दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया है और परिसर में जगह-जगह झाड़-झंखाड़ उग आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिसवा रेलवे बस्ततयों से महज पांच किलोमीटर दूर स्थित इस हाल्ट पर गोरखपुर छावनी से नरकटियागंज के बीच चलने वाली चार जोड़ी सवारी गाड़ियां रुकती हैं। इसके बावजूद गुरली रमगढ़वा हाल्ट का प्लेटफॉर्म झाड़ियों से ढका रहता है। इतना ही नहीं यात्रियों के बैठने, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा पर्याप्त प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पूरे परिसर में उगी घासफूस के कारण अक्सर विषैले सांप भी यहाँ निकलते रहते हैं।
बरसात के मौसम में स्टेशन परिसर की हालत और भी खराब हो जाती है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं। यात्रियों की परेशानी का एक बड़ा कारण टिकट खिड़की का बंद रहना भी है। टिकट काउंटर अक्सर बंद होने से लोगों को बिना टिकट यात्रा करने या फिर सिसवा अथवा खड्डा स्टेशन जाकर टिकट लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यह स्थिति यात्रियों के लिए असुविधाजनक होने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन भी है।
जानकारी के अनुसार, इस हाल्ट स्टेशन के ठेके की अवधि छह माह पहले ही समाप्त हो चुकी है। नया ठेका अभी तक नहीं होने के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हैं। क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से गुरली रमगढ़वा हाल्ट के सौंदर्यीकरण, स्टेशन भवन की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है।
इस संबंध में सिसवा स्टेशन अधीक्षक सुनील कुशवाहा ने बताया कि यह मामला वाणिज्य विभाग से संबंधित है और शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करता है।