Maharajganj News : नारायणी शाखा नहर में रहस्यमयी हलचल, 5 फीट लंबे जीव ने खींचा लोगों का ध्यान

    13-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
सदर तहसील क्षेत्र के शिकारपुर चौराहे स्थित नारायणी शाखा नहर में रविवार दोपहर करीब दो बजे डॉल्फिन जैसे दिखने वाले एक बड़े जलीय जीव के दिखाई देने से क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में नहर किनारे पहुंच गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीव धीरे-धीरे तैरते हुए बल्लो नहर फाटक की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान फाटक के संचालन से हुई तेज आवाज और कंपन के कारण उसने दिशा बदल ली और वापस शिकारपुर की ओर लौट गया। लगातार हो रही बारिश के चलते नहर किनारे जुटी भीड़ धीरे-धीरे छंट गई। कुछ देर बाद वह जलीय जीव नहर के गहरे पानी में चला गया और लोगों की नजरों से ओझल हो गया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि यह जीव डॉल्फिन जैसा दिखाई दे रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग या संबंधित अधिकारियों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।